कोलंबो

श्रीलंका में भयानक आर्थिक संकट के बीच राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने पब्लिक इमरजेंसी की घोषणा कर दी है। इसके लिए राष्ट्रपति ने जारी आदेश में कहा कि देश की सुरक्षा और आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति के रखरखाव के लिए ये फैसला लिया गया है। ऐसे में श्रीलंका में लोग सड़कों पर आ गए हैं और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। हिंसक होते प्रदर्शनों को देखते हुए श्रीलंका के राष्ट्रपति इमरजेंसी का एलान कर दिया।

आम लोगों का जन-जीवन बेहाल हो गया है। स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। श्रीलंका की अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार टूरिज्म है, जिस पर कोरोना महामारी की वजह से काफी असर पड़ा है। इससे श्रीलंका की अर्थव्यवस्था में गिरावट आई है। ऐसे में राष्ट्रपति ने देश में इमरजेंसी लगाने का फैसला किया है। जारी आदेश में कहा गया है कि देश की सुरक्षा और आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति के रखरखाव के लिए ये फैसला लिया गया है।

दिवालिया होने की कगार पर देश

जब से श्रीलंका में आर्थिक संकट पैदा हुआ है, तब से देश दिवालिया होने की कगार पर पहुंच गया है। देश में बिजली का बड़ा संकट खड़ा हो चुका है। पेट्रोल पंपों पर डीजल नहीं बचा है। श्रीलंका में सार्वजनिक परिवहन की सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं। ऐसे में राष्ट्रपति के खिलाफ लोगों में भारी गुस्सा है। ऐसे में श्रीलंका के अलग-अलग इलाकों में प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प हो रही है।

श्रीलंका में कर्फ्यू के बाद सोशल मीडिया पर बैन

श्रीलंका में हालात धीरे-धीरे और खराब होते जा रहे हैं। सरकार ने कर्फ्यू लगाने के बाद सोशल मीडिया पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, ट्विटर और व्हाट्सएप लोगों की पहुंच से बाहर है। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात से ही श्रीलंका के कई शहरों और इलाकों में फेसबुक, ट्विटर, व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म काम नहीं कर रहा है। एक तरह से देश में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ब्लैक आउट की स्थिति है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बैन होने के बाद पहले से ही ईंधन और बिजली संकट को लेकर जूझ रहे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई है। देश के अलग-अलग हिस्सों में सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं जिसे रोकने के लिए सरकार की ओर से सोशल मीडिया पर बैन के जरिए लोगों पर शिकंजा कसने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें:- आज हैं विश्व ऑटिज्म जागरूकता दिवस; बचपन में ही नजर आने लगते हैं लक्षण, रहें सतर्क

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *