हरिद्वार।
निराला धाम आश्रम की अध्यक्ष राजमाता आशा भारती महाराज ने कहा कि भगवान शिव की आराधना परम कल्याणकारी है। भगवान शिव की शरण में आने वाले प्रत्येक भक्त का कल्याण निश्चित है। आश्रम में आयोजित 40 दिवसीय शिव शक्ति महायज्ञ के दौरान श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए राजमाता आशा भारती महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन निराला स्वामी लहरी बाबा एक उच्चकोटि के संत थे। उनके द्वारा स्थापित निराला धाम शिव साधना का प्रमुख केंद्र है। भक्तों के कल्याण के लिए ब्रह्मलीन लहरी बाबा द्वारा शुरू किए गए शिव शक्ति महायज्ञ का आयोजन प्रत्येक वर्ष अनवरत् रूप से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सूक्ष्म आराधना से प्रसन्न होने वाले भगवान शिव प्रत्येक भक्त का कल्याण करते हैं। श्रद्धालु भक्तों को भगवान शिव के साथ माता शक्ति की आराधना भी अवश्य करनी चाहिए। शिव शक्ति की सम्मिलित कृपा से सभी कष्ट दूर हो जाते हैं। परिवार में सुख समृद्धि का वास होता है। प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व कोरोना महामारी से जूझ रहा है। देश दुनिया को कोरोना महामारी से निजात दिलाने के लिए महायज्ञ में विशेष अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। भगवान शिव की कृपा से जल्द ही पूरी दुनिया को कोरोना महामारी से राहत मिलेगी।
इस अवसर पर स्वामी शिवानंद, स्वामी रविदेव शास्त्री, स्वामी दिनेश दास, स्वामी हरिहरानंद, महंत सूरजदास, स्वामी नित्यानंद, महंत बिहारी शरण, महंत प्रह्लाद दास, महंत गोविंददास सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त मौजूद रहे।