बूंदी- किराए की साइकिल को गिरवी रखा, एक पेशी के बाद साल 1968 से फरार था बूंदी पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में 54 साल से फरार चल रहे बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है। 92 वर्षीय मुंशीराम कुमरावत, चक नंबर 59, गंगानगर का रहने वाला है। मुंशीराम की गिरफ्तारी पर पुलिस ने 3 हजार का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस ने मुंशीराम को कोर्ट में पेश किया। जहां से कोर्ट ने जुर्माने की सजा सुनाई।
पुलिस ने मिली जानकारी के अनुसार मुंशीराम ने साल 1967 में बूंदी में एक दुकान से किराए की साइकिल लेकर गया था। जिसे दुकानदार को वापस नहीं लौटाया। उस दौरान उसकी उम्र 38 साल के लगभग थी। मुंशीराम ने किराए की साइकिल को किसी व्यक्ति को गिरवी रख दिया था। जिस पर पीड़ित दुकानदार ने थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया था। उस समय साइकिल की अनुमानित कीमत 200 रुपए बताई गई। शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुंशीराम को गिरफ्तार किया था। लेकिन कोर्ट में एक पेशी के बाद से ही मुंशीराम फरार हो गया था। जिसे 54 साल बाद जिला विशेष टीम (DST) ने गिरफ्तार किया।
