कुरुक्षेत्र।
कुरुक्षेत्र वन डिवीजन के डिविजनल वन अधिकारी ने कहा कि विभाग द्वारा 1 से 7 अक्टूबर 2021 तक वन्य जीवन सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस वन्य जीवन सप्ताह के उपलक्ष्य में 27 सितम्बर 2021 को पेंटिंग और लिखित इको क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।
इन दोनों प्रतियोगिताओं में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी भाग ले सकते है। यह प्रतियोगिताएं 27 सितम्बर को राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुरुक्षेत्र में सुबह 10 बजे आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में प्रत्येक कैटेगरी में एक स्कूल से 10 से ज्यादा विद्यार्थी भाग नहीं ले सकेंगे। पेंटिंग प्रतियोगिता के लिए ड्राइंग शीट वन विभाग द्वारा ही उपलब्ध करवाई जाएंगी, लेकिन विद्यार्थी को पेंट ब्रश, कलर पैंट, स्केच, पैन इत्यादि का प्रबंध स्वयं करना होगा।
पेंटिंग प्रतियोगिता के लिए पेंटिंग का विषय वन्य जीवन संरक्षण के लिए आने वाली चुनौतियों पर आधारित होगा। इसी प्रकार लिखित इको क्विज प्रतियोगिता के लिए पर्यावरण, फॉरेस्ट व वन्य जीवन विषय रहेगा। उन्होंने सभी स्कूलों से अपील की है कि इन प्रतियोगिताओं के लिए अपने-अपने स्कूल के विद्यार्थियों की सूची 24 सितम्बर तक भिजवाना सुनिश्चित करे।