हरदोई।

हरदोई में कांग्रेस के दफ्तर पर कंबल वितरण किए जाने की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा। वहां पर पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी के जन्मदिन के मौके पर कंबल वितरण किया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में आला अधिकारियों के निर्देश पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत 20 कांग्रेसियों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की है।

प्रियंका गांधी के जन्मदिन पर आयोजित था कार्यक्रम

विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आते ही पुलिस महकमा सक्रिय हो गया है। आचार संहिता का पालन कराने में जुटी पुलिस को सूचना मिली कि नघेटा रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय पर पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के जन्म दिवस पर कंबल वितरण जा रहा है। इस पर रेलवेगंज चौकी प्रभारी बृजेश सिंह ने वहां छापा मारा। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशीष सिंह की अगुवाई में कांग्रेसी बिना अनुमति के कंबल वितरण करते मिले। पुलिस टीम ने मौके की वीडियोग्राफी कर अधिकारियों को सूचना दी।जिलाध्यक्ष सहित 20 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

अधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली थाने में कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत 20 लोगों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। इस बात की पुष्टि करते हुए कोतवाली प्रभारी दीपक शुक्ला ने बताया कि चौकी प्रभारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है।

मामला दर्ज होने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशीष सिंह ने कहा कि सत्ता पक्ष कांग्रेस के सेवा कार्यों से भयभीत है। प्रशासन को विपक्षी दलों के साथ चल रही भीड़ नहीं दिखाई दे रही है। हमने अपने कार्यालय पर काम करने वाले गरीब लोगों को कंबल बांटे हैं। आचार संहिता का उल्लंघन करने की मेरी कोई मंशा नहीं थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *