उत्तर प्रदेश।
सात चरणों में होने वाले इस चुनाव के पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश व ब्रज क्षेत्र के 11 जिलों की 58 सीटों के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हुआ। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पहले चरण में 11 जिलों की 58 सीटों पर वोट डाले गए और 60.17 फीसदी मतदान हुआ। इस दौरान मतदाताओं का खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने बढ़-चढ़कर लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा लिया। पहले चरण में कुल 623 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई, जिसमें 73 महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं। अब सभी राजनीतिक दलों की नज़र दूसरे चरण के चुनाव पर है। 403 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 9 जिलों की 55 सीटों पर 14 फरवरी को वोट डाले जाएंगे।
दूसरे चरण में सहारनपुर, बिजनौर, अमरोहा, संभल, मुरादाबाद, रामपुर के अलावा रुहेलखंड के बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर जिलों के 55 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
