देहरादून
देहरादून के परेड ग्राउंड में पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। उन्हें राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (रि) ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे। शपथ लेने के तुरंत बाद पुष्कर धामी पीएम मोदी का आशीर्वाद लेने उनके पास पहुंचे।
धामी राज्य के 12वें मुख्यमंत्री बने हैं।
पुष्कर सिंह धामी के बाद सतपाल महाराज ने भी मंत्री पद की शपथ ली। सतपाल के अलावा धन सिंह रावत, गणेश जोशी, रेखा आर्य, सुबोध उनियाल, सौरव बहुगुणा, प्रेमचंद अग्रवाल और चंदन राम दास को भी राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (रि) ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
पुष्कर सिंह धामी लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने हैं। वह सूबे के 12वें सीएम हैं।
गौरतलब है कि इस बार के विधानसभा चुनाव में पुष्कर सिंह धामी को खटीमा सीट से हार मिली है। हार के बावजूद बीजेपी ने उन पर भरोसा जताया है। पुष्कर सिंह धामी को अब 6 महीने के भीतर जीत हासिल करके विधानसभा का सदस्य बनना होगा।
पुष्कर सिंह धामी ने 1990 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के साथ अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की और दो बार भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे। उन्होंने स्थानीय युवाओं के लिए उद्योगों में नौकरियों के आरक्षण के लिए अभियान चलाया।
पुष्कर सिंह धामी के पिता सेना में सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त हुए। उनका जन्म पिथौरागढ़ के टुंडी गांव में हुआ था, धामी का परिवार अपने पैतृक गांव हरखोला से वहां शिफ्ट हो गया था। पुष्कर सिंह धामी जब क्लास 5 में थे तब वे खटीमा चले गए, जो बाद में धामी की ‘कर्मभूमि’ बन गई। उन्होंने वहां से दो बार विधानसभा चुनाव जीता। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से मानव संसाधन प्रबंधन और औद्योगिक संबंधों में स्नातक की उपाधि प्राप्त की और उनके पास कानून की डिग्री भी है।
यह भी पढ़ें:- उत्तराखंड की पहली स्ट्रीट लाइब्रेरी; एक किताब रखें, दूसरी उठा ले जाएं!
