Weather Update Today: मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मैदानी क्षेत्रों में शुष्क मौसम बरकरार रह सकता है। मंगलवार से प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में मौसम करवट बदल सकता है। देहरादून में रविवार को चिलचिलाती धूप के बीच पारा 38 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा।
उत्तराखंड में चटख धूप और गर्म हवाएं बेहाल कर रही हैं। शुष्क मौसम के बीच मैदानों में भीषण गर्मी का एहसास हो रहा है, जिससे कई शहरों में जन-जीवन बेहाल है।
दून समेत ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में पारा 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मैदानी क्षेत्रों में शुष्क मौसम बरकरार रह सकता है। जिससे पारे में और इजाफा होने की आशंका है। जबकि, पहाड़ों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बीते तीन सप्ताह से मौसम शुष्क बना हुआ है। पहाड़ से लेकर मैदान तक चटख धूप खिल रही है और पारा तेजी से ऊपर चढ़ रहा है। खासकर मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी महसूस की जा रही है।
पारा 38 डिग्री सेल्सियस के करीब
देहरादून में रविवार को चिलचिलाती धूप के बीच पारा 38 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। इसके अलावा दोपहर में गर्म हवाएं भी बेहाल कर रही हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की वर्षा के आसार हैं।
दून समेत आसपास के इलाकों में आसमान साफ रहने से लेकर आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। पारे में वृद्धि की आशंका है। जबकि, मंगलवार से प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में मौसम करवट बदल सकता है।
पहाड़ाें में तीव्र बौछारें और ओलावृष्टि की आशंका है। निचले इलाकों में 30 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की चेतावनी है। बुधवार और गुरुवार-अंधड़ ओलावृष्टि को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
- शहर, अधिकतम, न्यूनतम
- देहरादून, 37.8, 20.2
- ऊधमसिंह नगर, 38.0, 18.5
- मुक्तेश्वर, 26.3, 12.3
- नई टिहरी, 27.0, 13.6
