भारत के कई हिस्सों में इस समय गर्मियां अपने चरम पर हैं जहां तापमान लगातार बढ़ता जा रहा हैं। ऐसे में खानपान का सही ख्याल ना रखा जाए तो सेहत बिगड़ने में ज्यादा देर नहीं लगती हैं। गर्मियों के इन दिनों में शरीर में पानी की कमी होना आम बात हैं जिसकी वजह से कई बीमारियां आपको चपेट में ले सकती हैं।
ऐसे में एक अच्छी प्रतिरक्षा प्रणाली संक्रमण से लड़ने और पुरानी बीमारियों को दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और यह सही खानपान से ही मुमकिन हो पाता हैं। ऐसे में आज हम आपको कुछ खास फलों के बारे में बताने जा रहे हैं जिनका सेवन करने से आप अपनी इम्यूनिटी बढ़ा सकते हैं। इन फलों में कई तरह के विटमिंस, एंटीऑक्सीडेंट और मिनरल्स पाए जाते हैं। इन फलों में मौजूद पोषक तत्व रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं और आपको फिट रखते हैं। आइये जानते हैं इनके बारे में
आम
गर्मियों के मौसम में आम सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला फल है। आम को सेहत के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है। हेल्थलाइन की रिपोर्ट के अनुसार आम रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत है। इस फल में विटामिन A और विटामिन C की अच्छी मात्रा होती है, जिससे इम्यूनिटी बूस्ट हो जाती है। आम का सेवन करने से आपके इम्यून सिस्टम की फंक्शनिंग बेहतर हो सकती है।

तरबूज
तरबूज स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है। यह विटामिन ए से भरपूर होता है। गर्मियों में तरबूज का सेवन करने से डिहाइड्रेशन की परेशानी से बचाव किया जा सकता है। साथ ही यह रसदार फल कई अन्य पोषक तत्वों जैसे – विटामिन सी, कैल्शियम, फाइबर से भरपूर होता है। तरबूज को गर्मियों के सबसे अच्छे फलों की लिस्ट में शामिल किया जाता है। इम्यूनिटी बूस्ट करने के लिए आप इसे नाश्ते के रूप में नियमित रूप से शामिल कर सकते हैं। यह लो कैलोरी युक्त नाश्ता हो सकता है। साथ ही यह इस तेज गर्मी में शरीर को हाइड्रेट रखता है। विटामिन सी और लाइकोपीन से भरपूर इस फल का सेवन करने से आपकी इम्यूनिटी भी बूस्ट हो सकती है।

कीवी
विटामिन सी से भरपूर एक और फल है कीवी। हालांकि कीवी काफी मंहगा फल है लेकिन एक कीवी आपको करीब 85 मिलीग्राम विटामिन सी देता है। इसके अलावा कीवी में विटामिन के और ई भी काफी मात्रा में पाया जाता है। एक कीवी कई और पोषक तत्वों से भी भरपूर है जो आपके स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद है।

संतरा
संतरा खाने से शरीर को भरपूर विटामिन सी मिलता है। संतरा में फाइबर भी अच्छी मात्रा में पाया जाता है। संतरा कैल्शियम और विटामिन का भी अच्छा सोर्स है। संतरा में भरपूर एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं जिससे त्वचा हेल्दी रहती है। आपको वजन घटाने के लिए भी संतरा खाना चाहिए। सर्दी जुकाम से राहत पाने के लिए भी संतरा का सेवन करना चाहिए।

बेल
गर्मी से राहत पाने के लिए बेल खा सकते हैं या इसका शरबत भी पी सकते हैं। जी हां, इस मौसम में बेल खाने के बड़े फायदे हैं। इसके सेवन से आप कई तरह की बीमारियों से बच सकते हैं। यह पेट से जुड़ी समस्या को कम करने में मददगार है। इस फल में फाइबर, विटामिन और अन्य सभी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर के लिए आवश्यक है।

अनानास
अनानास एक खट्टा-मीठा और रसीला फल है। यह विटामिन सी से भरपूर होता है, जो इम्युनिटी बढ़ाने में बेहद मददगार है, जिससे आप मौसमी बीमारियों से बच सकते हैं। इस फल में मौजूद गुण हड्डियों के लिए भी काफी फायदेमंद है। यह फाइबर और एंटी ऑक्सीडेंट से भरपूर होता है, जो पाचन तंत्र के लिए सहायक है। इसिलिए गर्मियों में सेहतमंद रहने के लिए अनानास का सेवन अवश्य करें।

मौसंबी
मौसंबी में विटमिन सी की भरपूर मात्रा होती है। इसको खाने से इम्यूनिटी मजबूत होती है और ये गर्मियों के मौसम में आपको डिहाइड्रेशन से भी बचाता है। खासतौर पर गर्मी में शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए कई लोग मौसंबी का जूस पीने की सलाह देते हैं। इसके अलावा आप विटमिन सी से भरपूर कई खट्टे फलों का भी सेवन कर सकते हैं।

स्ट्रॉबेरी
विटामिन सी का एक अच्छा सोर्स स्ट्रॉबेरी भी है। स्ट्रॉबेरीज में काफी मात्रा में एंटीऑक्सिडेंट पाए जाते हैं इसके अलावा स्ट्रॉबेरी विटामिन सी और कई दूसरे पोषक तत्वों से भरापूर फल है। हालांकि सीजनल फल होने की वजह से ये कम मिल पाता है लेकिन अगर आप एक कप स्ट्रॉबेरी खाते हैं तो ये आपको 100 मिलीग्राम विटामिन सी देने का काम करता है।

केला
केले को इम्यूनिटी बूस्टर माना जाता है। केला में पोटैशियम, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स जैसे पोषक तत्व भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं। केले में प्रचुर मात्रा में विटामिन C पाया जाता है, जिससे इम्यून सिस्टम मजबूत होता है और बीमारियों से बचाव में मदद मिलती है। केला का दूध के साथ सेवन किया जाए, तो शरीर को और ज्यादा फायदा हो सकता है।
